प्रदेश में घर से बाहर निकलने पर हर किसी को मास्क लगाना अनिवार्य : अवनीश अवस्थी

प्रदेश में घर से बाहर निकलने पर हर किसी को मास्क लगाना अनिवार्य: अवनीश अवस्थी


अपर मुख्य सचिव गृह व प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने प्रेस ब्रीफिंग में दी जानकारी
लखनऊ। प्रदेश में हर किसी को घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनना अनिवार्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसके साथ सभी हाॅस्टस्पाॅट क्षेत्रों में गहन सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। हाॅट स्पाट एरिया के सभी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इन इलाकों में किसी भी व्यक्ति को घर से बाहर निकलना मना है।


यह जानकारी अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने गुरुवार को नियमित प्रेस ब्रीफिंग में दी। अवनीश अवस्थी ने कहा, हाॅटस्पाट इलाकों में महामारी पर जितनी जल्दी नियंत्रण पा लिया जाएगा, उतनी जल्दी इस स्थिति से बाहर आया जा सकेगा। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि भारत सरकार ने आरोग्य सेतु एप लांच किया है। इस एप को हर व्यक्ति को डाउनलोड करना चाहिए। यह निःशुल्क एप है, जो एंड्राॅइड और आईओएस दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि लाॅकडाउन के बाद से अब तक प्रदेश में एक करोड़ से अधिक वाहन चेक हुए हैं।


धारा 188 के अंतर्गत 39,857 लोगों को नामित करते हुए 12,236 वाद दर्ज किए गए हैं। लगभग 1 करोड़ से अधिक वाहन चेक किए गए हैं। वाहन चालान के माध्यम से करीब 5 करोड़ 61 लाख रुपए की धनराशि जुटाई गयी है। लाॅकडाउन से प्रभावित गरीब जनता को राहत देने के लिए प्रदेश में 1966 कम्युनिटी किचन स्थापित किए गए हैं। 3,50,75000 कार्ड धारकों को राशन वितरण किया गया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से भी लोगों की मदद की जा रही है।


सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें, घर से बाहर निकलें तो मास्क लगाएं
प्रेस ब्रीफिंग में मौजूद प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक कुल 410 संक्रमित लोग सामने आ चुके हैं। इनमें से 221 संक्रमित लोग तब्लीगी जमात से जुड़े हुए हैं। बताया कि कोरोना संक्रमण 40 जनपदों में पहुंच चुका है। तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों को खुद सामने आकर अपना परीक्षण कराना चाहिए। अब तक 31 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। जबकि 4 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में 9,442 आइसोलेशन बेड स्थापित किए गए हैं। सभी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखनी है। घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाना है। प्रदेश में अब तक 7451 सैम्पल टेस्ट हुए हैं, जिनमें से 6,953 सैंपल कोरोना निगेटिव पाए गए हैं।